ईरानी अधिकारियों ने संयुक्त अरब अमीरात से संबंधित एक टैंकर के 16 भारतीय चालक दल के आठ सदस्यों को रिहा कर दिया है, जो दिसंबर से हिरासत में थे। एक भारतीय सरकारी अधिकारी ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, 'एमटी वैलियंट रोर' टैंकर, जो एक यूएई स्थित कंपनी के स्वामित्व में है, को दिसंबर की शुरुआत में संयुक्त अरब अमीरात के दीबा बंदरगाह के पास अंतरराष्ट्रीय जल में ईरान की इस्लामिक क्रांतिकारी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) द्वारा जब्त कर लिया गया था। ईरानी अधिकारियों ने जहाज पर लगभग छह हजार टन ईंधन की तस्करी का आरोप लगाया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बताया कि हिरासत में लिए गए चालक दल को वाणिज्य दूतावास की पहुंच प्रदान की गई है और भारतीय राजनयिकों ने बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में उनसे मुलाकात की है।
उन्होंने कहा कि रिहा किए गए आठ नाविक प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद भारत लौट आएंगे।उन्होंने कहा कि शेष आठ नाविकों की स्थिति का पता लगाने के लिए ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत जारी है।