बंदगी की बहार- 20

Rate this item
(0 votes)
बंदगी की बहार- 20

रमज़ान का पवित्र महीना तेज़ी से गुज़र रहा है।

रमज़ान के पवित्र महीने का जब तीसरा पखवाड़ा आरंभ हो जाता है तो मोमिनों के दिलों में महान व सर्वसमर्थ ईश्वर की उपासना और उससे प्रार्थना के लिए अधिक उत्सुकता उत्पन्न हो जाती है। पवित्र रमज़ान महीने की विशेष रातें ”शबे क़द्र” ज़मीन से आसमान की ओर जाने का रास्ता खोलती हैं। यह रातें मोमिन व रोज़ा रखने वाले को पापों से प्रायश्चित करने और परिपूर्णता का मार्ग तय करने का आह्वान करती हैं। पवित्र रमज़ान महीने के विशेष दिनों व रातों में हमें महान ईश्वर की अधिक उपासना करते हुए प्रायश्चित करना चाहिये। इस महीने के समाप्त होने से पहले हमें चाहिये कि हम स्वयं को पापों से प्रायश्ति करने वालों के काफिले तक पहुंचाएं। कितने भाग्यशाली वे लोग जिन्होंने इस महीने में स्वयं को पापों से पाक किया, ईश्वरीय दया का पात्र बनाया और पवित्र रमज़ान महीने के निर्मल जल के बहते सोते से अपनी आत्मा को शुद्ध किया।

ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामनई इस महीने में प्रायश्चित करने की सुन्दरता के बारे में कहते हैं” रमज़ान का पवित्र महीना हमें यह अवसर प्रदान करता है कि हम स्वयं को शुद्ध कर लें। यह शुद्धि बहुत महत्व रखती है। रमज़ान के पवित्र महीने में बहने वाले आंसू हमारे दिलों को होकर शुद्ध करते हैं किन्तु उसकी रक्षा करना चाहिये। अहंकार, ईर्ष्या, अत्याचार और विश्वासघात जैसी बड़ी और खतरनाक बीमारियों के इस महीने में उपचार का अवसर प्राप्त होता है। महान ईश्वर ध्यान देता है और निश्चित रूप से उसने ध्यान दिया है।

रमज़ान का पवित्र महीना प्रायश्चित करने और महान ईश्वर की ओर लौटने का बेहतर अवसर है। इस महीने की विशेष रातें यानी शबे क़द्र पापों से क्षमा मांगने की बेहतरीन रातें हैं। एसा न हो कि यह रातें गुज़र जायें और हम निश्चेतना की नींद सोये रहें और पापों से क्षमा मांगने वालों से पीछे रह जायें कि निः संदेह महान ईश्वर बहुत अधिक प्रायश्चित व तौबा को स्वीकार करने वाला है।

 कहते हैं कि बनी इस्राईल में एक जवान था। उसने 20 वर्षों तक महान ईश्वर की उपासना की थी और उसके बाद 20 वर्षों का समय उसने उसकी अवज्ञा में बिताया। एक दिन उसने अपने सफेद बालों को आइने में देखा तो वह अपने आप में आया और कहा हाय! बुढ़ापा आ गया, जवानी का समय बीत गया। हे मेरे ईश्वर! वर्षों मैं तेरी याद में था और कुछ वर्षों से मैं तुझ से विमुख हो गया हूं अब अगर मैं तेरी ओर आऊं तो क्या तू मुझे स्वीकार करेगा?

उस समय ईश्वरीय वाणी आई कि हे व्यक्ति! तूने कुछ समय मेरी उपासना की तो मैं तेरे साथ था और जब तूने मुझे भुला दिया तो मैंने भी तूझे तेरी हाल पर छोड़ दिया किन्तु तूझे अवसर दिया। अब अगर तुम मेरी तरफ लौटना चाहता हो तो मैं तुम्हें स्वीकार करूंगा।

प्रायश्चित की प्रशंसा में बस इतना ही काफी है कि महान ईश्वर कहता है कि मैं प्रायश्चित करने वालों को दोस्त रखता हूं। पैग़म्बरे इस्लाम भी फरमाते हैं” पापों से प्रायश्चित करने वाला, पाप न करने वाले की भांति है।

प्रायश्चित का अर्थ बुराइ से भलाई की ओर लौटना है। प्रायश्चित यानी मौजूदा समय में गुनाह छोड़ना और भविष्य में न करने का इरादा। जब इंसान अपने बुरे कार्यों से शर्मिन्दा होता है और उसकी भरपाई की दिशा में कदम बढ़ाता है तो वह प्रायश्चित की स्थिति होती है। महान व सर्वसमर्थ ईश्वर भी प्रायश्चित करने वाले व्यक्ति को अपनी असीम कृपा की छत्रछाया में शरण देता है विशेषकर अगर प्रायश्चित करने वाला जवान हो। पैग़म्बरे इस्लाम फरमाते हैं” ईश्वर के निकट प्रायश्चित करने वाले युवा से अधिक कोई चीज़ प्रिय नहीं है”

इंसान आम तौर पर झूठ बोलने, दूसरों को कष्ट पहुंचाने, दूसरों पर आरोप लगाने और दूसरों की बुराई करने जैसे पाप करते- रहते हैं। इंसान का उद्दंडी मन उसे ईश्वरीय दूतों द्वारा बताये गये मार्गों के विरोध के लिए उकसाती है। यह उसे ईश्वरीय शिक्षाओं की अवज्ञा करने और क्रोध एवं अपनी गलत इच्छाओं के अनुपालन के लिए कहती है। इंसान का मन इंसान की नज़र में इस नश्वर संसार को एसा बनाकर पेश करता है कि मानो वह सदैव बाकी रहने वाला है और दुनिया की खत्म हो जाने वाली मिठास को इंसान के सामने सबसे मीठी चीज़ी के रूप में पेश करता है इस प्रकार वह इंसान को मुक्ति व कल्याण से दूर करता है। कभी कभी एसा भी होता है कि इंसान पापों के दलदल में धंस जाता है। अचानक जब वह उस दलदल से निकल आता है तो उसकी समझ में आता है कि कितना बुरा रास्ता उसने तय किया है। वह शर्मीन्दा होता है और उसकी यह शर्मीन्दगी महान ईश्वर के निकट बहुत महत्व रखती है। वह महान ईश्वर की ओर लौटने और अपनी सुधार का इरादा करता है। इस कार्य के लिए रमज़ान के पवित्र महीने से बेहतर और क्या अवसर हो सकता है।

रहस्यवादियों व परिज्ञानियों की दृष्टि में प्रायश्चितक का अर्थ है अत्याचार का वस्त्र उतारना, पापों को छोड़ना और वफा का परिधान धारण करना।

समस्त इंसानों को पापों से प्रायश्चित करने की ज़रूरत होती है किन्तु इस बात को नहीं भूलना चाहिये कि जो इंसान दिल से प्रायश्चित करता है दिल से पापों को त्याग देने का संकल्प करता है उसे उपहार में ईश्वरीय प्रेम मिलता है। जब इंसान को महान व सर्व समर्थ ईश्वर का सच्चा व वास्तविक प्रेम प्राप्त हो जाता है तो वह दूसरों के कहने पर भी पाप नहीं करता। क्योंकि उसे ईश्वरीय प्रेम की मिठास का आभास हो जाता होता है। प्रायश्चित व सच्ची तौबा वास्तव में सदैव बाकी रहने वाले स्वर्ग का रास्ता है। पैग़म्बरे इस्लाम और उनके पवित्र परिजनों की दृष्टि में सच्चा तौबा यह है कि इंसान के उपर जो दायित्व रह गये हैं उन्हें वह पूरा करने का प्रयास करे और अगर उससे किसी को पीड़ा पहुंची है तो वह उससे क्षमा मांगे, जो नमाज़- रोज़े छूट गये हैं उन्हें अदा करने का प्रयास करे।  तौबा करने वाले व्यक्ति को चाहिये कि वह अपनी इच्छा को नियंत्रित करे, अच्छे व भले लोगों के पद चिन्हों पर अमल करने का प्रयास करे ताकि महान व दयालु ईश्वर की नज़र में प्रिय बन सके।

जो चीज़ें इंसान को तौबा के लिए प्रोत्साहित करती हैं उनमें से एक यह है कि इंसान यह जाने कि जो मुसीबतें हैं वे उसके अनुचित व गलत कार्यों का परिणाम हैं। इस आधार पर पैग़म्बरे इस्लाम और दूसरे मार्गदर्शक विभिन्न मुसीबतों से छुटकारा पाने के लिए तौबा करने की सिफारिश करते हैं। यहां तक कि पैग़म्बरे इस्लाम, उनके पवित्र परिजन और दूसरे समस्त ईश्वरीय दूत हर प्रकार के पाप से पवित्र हैं। उनसे किसी भी प्रकार के पाप नहीं हुए हैं फिर भी वे प्रायश्चित करते थे।

पैग़म्बरे इस्लाम फरमाते हैं" बेशक हमारे दिल पर मैल बैठता है। उसे हटाने के लिए मैं हर दिन -रात 70 बार ईश्वर से तौबा करता हूं।

बहुत बड़े शीया परिज्ञानी व रहस्यवादी दिवंगत आयतुल्लाह बहजत बल देकर कहते हैं कि जीवन में जो अप्रिय घटनाएं होती है वे हमारे कार्यों का परिणाम होती हैं। जैसाकि महान ईश्वर पवित्र कुरआन के सूरे शूरा की 30वीं आयत में कहता है" तुम पर जो भी मुसीबत आती है वह तुम्हारे कार्यों का परिणाम है।

वास्तविकता यह है कि बहुत से लोग पापों की दलदल में डूब जाते हैं और वे अपना रास्ता नहीं बदलते हैं तो पापों के भारी बोझ को परलोक में ले जाते हैं और उससे उनको बहुत अधिक नुकसान उठाना पड़ता है पंरतु तौबा वह स्वर्णिम अवसर है जिससे माध्यम से इंसान अच्छे व सही मार्ग और महान ईश्वर की ओर लौट आता है। इस प्रकार वह हमेशा बाकी रहने वाले स्वर्ग में प्रवेश कर जाता है।

जिन लोगों ने महान ईश्वर के मार्ग में आगे बढ़ने और कठिनाइयों से छुटकारा पाने के लिए आयतुल्लाह बहजत से नसीहत करने का आग्रह किया उन लोगों के जवाब में उन्होंने बारमबार तौबा करने की सिफारिश की। वे पैग़म्बरे इस्लाम की वह रवायत याद दिलाते थे जिसमें आपने फरमाया है कि क्या मैं तुम्हें तुम्हारी बीमारियों और उसकी दवाओं से अवगत न करूं? तुम्हारी पीड़ा व बीमारी पाप हैं और उसका उपचार तौबा है। इसी प्रकार पैग़म्बरे इस्लाम फरमाते हैं" जितना हो सके अस्तग़फिरुल्लाह शब्द को पूर्ण विश्वास के साथ दोहराओ।"

इस समय रमज़ान के रोज़ों, उपासनाओं, पवित्र कुरआन की तिलावत और दूसरे भले कार्यों से दिल प्रकाशित हो गये हैं। मानो मोमिन का रमज़ान के पवित्र महीने विशेषकर शबे क़द्र में दोबारा जन्म हुआ है और उसने नये जीवन का आरंभ कर दिया है।

ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामनई इस बारे में कहते हैं" रमज़ान महीने की बड़ी उपलब्धि तौबा और ईश्वर की ओर वापसी है। दुआए अबू हमज़ा सोमाली में हम पढ़ते हैं" हमें तौबा के दर्जे पर पहुंचा दे कि हम पापों से पलट आयें उस जवान की भांति जो अज्ञानता के कारण अपने माता पिता के घर से भाग जाता है और बाद में वह अपने माता- पिता के पास लौट आता है और उसके माता- पिता प्रेम से उसे स्वीकार कर लेते हैं। यही तौबा है। जब हम ईश्वर की दया व कृपा के घर की ओर वापसी करेंगे तो ईश्वर हमें स्वीकार कर लेगा। रमज़ान के महीने में मोमिन इंसान के लिए स्वाभाविक रूप से वापसी का जो अवसर सामने आता है उसे हमें मूल्यवान समझना चाहिये।

 

 

Read 29 times