ईरान की जमीयत-ए-हिलाल अहमर के हज एवं ज़ियारत चिकित्सा केंद्र ने अरबईन इमाम हुसैन (अ.स.) के ज़ायरीन की सेवा के लिए पूरे इराक में 202 राहत और चिकित्सा केंद्र स्थापित किए हैं, जहाँ स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
हज एवं ज़ियारत चिकित्सा केंद्र के अतबात विभाग के सचिव डॉ. दबीरी ने बताया कि इन सेवाओं का संचालन जनसहभागिता वाले 151 मोकिबों तथा 48 हिलाल अहमर चिकित्सा केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है, जिन्हें ईरान के विभिन्न प्रांतों की शाखाओं का सहयोग प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि इराक में चिकित्सा अभियान 14 जुलाई से प्रारंभिक टीमों की तैनाती के साथ शुरू हुआ, जबकि 16 जुलाई से नियमित चिकित्सा सेवाएँ शुरू कर दी गईं। यह सेवाएँ 16 या 17 अगस्त (22 या 23 सफ़र) तक जारी रहेंगी।
डॉ. दबीरी ने विशेष रूप से डायबिटीज़ उच्च रक्तचाप और हृदय रोग से पीड़ित ज़ायरीन को सलाह दी कि वे अपनी आवश्यक एवं आपातकालीन दवाइयाँ अवश्य साथ रखें। साथ ही अपने रोग, दवाओं और व्यक्तिगत जानकारी का एक कार्ड भी अपने पास रखें, ताकि आपात स्थिति में चिकित्सा कर्मियों को सहायता प्रदान करने में आसानी हो।
पैदल चलकर ज़ियारत करने वाले ज़ायरीन को उन्होंने सलाह दी कि वे धूप से बचने के लिए टोपी या रूमाल (चफ़िया) का उपयोग करें, समय-समय पर पानी और अन्य तरल पदार्थ पीते रहें, दोपहर की तेज़ गर्मी में चलने से बचें और यथासंभव सूर्यास्त के बाद यात्रा करें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी ज़ायरीन को चिकित्सा सहायता की आवश्यकता हो, तो वह Google Maps के माध्यम से निकटतम हिलाल अहमर चिकित्सा केंद्र खोज सकता है या 4030 हेल्पलाइन पर संपर्क करके मार्गदर्शन प्राप्त कर सकता है।
इसके अलावा उन्होंने ज़ायरीन को छायादार रास्तों का चयन करने, हर कुछ किलोमीटर पर थोड़ी देर विश्राम करने, पर्याप्त पानी पीने तथा निजी वाहन से यात्रा करने वालों को हर दो घंटे बाद कम से कम 15 मिनट का विश्राम करने की सलाह दी। साथ ही ऐसी दवाइयों के सेवन से बचने की भी हिदायत दी जो नींद या सुस्ती पैदा करती हों।
डॉ. दबीरी ने कहा कि ये सभी निर्देश पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर तैयार किए गए हैं, जिनका पालन करने से अरबईन की आध्यात्मिक यात्रा के दौरान ज़ायरीन की स्वास्थ्य सुरक्षा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सकती है।













