हज़रत फ़ातेमा ज़हरा (स) के घर पर हमले के विषय में सुन्नी विद्वान के साथ ऐतिहासिक संवाद

Rate this item
(0 votes)
हज़रत फ़ातेमा ज़हरा (स) के घर पर हमले के विषय में सुन्नी विद्वान के साथ ऐतिहासिक संवाद

पैग़म्बरे इस्लाम (स) के स्वर्गवास के बाद के दिनों की एक ऐतिहासिक घटना में हज़रत अली (अ) के घर को जलाने की धमकी और पैग़म्बर (स) के परिवार की पवित्रता का अनादर किए जाने का प्रसंग एक शिया विद्वान के माध्यम से ऐतिहासिक संवाद में प्रस्तुत किया गया है।

मोहम्मद मोहम्मदी अश्तेहर्दी द्वारा लिखित पुस्तक ‘101 रोचक एवं पठनीय धार्मिक संवाद’ में विभिन्न धार्मिक और आस्थागत विषयों पर हुए संवादों को संकलित किया गया है। हौज़ा न्यूज़ इस पुस्तक के संवादों को अलग-अलग अंकों में प्रकाशित करेगा।

एक शिया विद्वान और हिजाज़ में अम्र बिल मारूफ के प्रमुख के बीच हुए संवाद में सुन्नी समुदाय की पुस्तकों के हवाले से हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) पर हुए कथित अत्याचार का विषय उठाया गया।

अम्र बिल मारूफ के प्रमुख: आप लोग रसूलुल्लाह (स) की कब्र के पास अपनी ज़ियारत और दुआओं में यह क्यों कहते हैं: «अस्सलामो अलैके अय्यतोहल मज़लूमा» ऐ अत्याचार की शिकार महिला! आप पर सलाम हो। आख़िर पैग़म्बर (स) की बेटी हज़रत फ़ातेमा (स) पर किसने अत्याचार किया था?

शिया विद्वान: हज़रत फ़ातेमा (स) पर हुए दुखद अत्याचार का विवरण आपकी अपनी पुस्तकों में भी मौजूद है।

अम्र बिल मारूफ के प्रमुख: किस पुस्तक में?

शिया विद्वान: इब्ने क़ुतैबा दीनवरी की लिखी पुस्तक ‘अल-इमामा वस्सियासा’ में इसका उल्लेख मिलता है।

अम्र बिल मारूफ के प्रमुख: हमारे यहां ऐसी कोई पुस्तक नहीं है!

शिया विद्वान: मैं बाज़ार से यह पुस्तक खरीदकर आपके पास ले आता हूं।

अम्र बिल मारूफ के प्रमुख ने मेरा प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। मैं बाज़ार गया और ‘अल-इमामा वस्सियासा’ पुस्तक खरीदकर उनके पास ले आया। मैंने पुस्तक का पहला भाग खोला और पृष्ठ संख्या 19 उनके सामने रखकर कहा कि इसे पढ़िए। उसमें लिखा था:

“पहले ख़लीफ़ा ने उन लोगों के बारे में जानकारी ली, जिन्होंने उनकी बैअत नहीं की थी और हज़रत अली (अ.) के घर में एकत्रित हुए थे। उन्होंने इस सिलसिले में उमर को उनके पास भेजा। उमर हज़रत अली (अ.) के घर पहुंचे और ऊंची आवाज़ में हज़रत अली (अ.) तथा घर में मौजूद लोगों को पुकारते हुए कहा कि अबू बक्र की बैअत करने के लिए घर से बाहर आ जाओ। लेकिन उन्होंने बाहर आने से इनकार कर दिया।

इस पर उमर ने लकड़ियां मंगवाईं और कहा, ‘उस ज़ात की कसम जिसके हाथ में मेरी जान है! अगर तुम लोग बाहर नहीं आए और घर का दरवाज़ा नहीं खोला, तो मैं घर में मौजूद सभी लोगों के साथ इसे आग लगा दूंगा।’

वहां मौजूद कुछ लोगों ने उमर से कहा कि इस घर में हज़रत फ़ातिमा (स.) भी मौजूद हैं। उन्होंने जवाब दिया, ‘अगरचे फ़ातिमा भी घर में हों, तब भी?’ अंततः घर में मौजूद लोग बाहर आ गए, लेकिन हज़रत अली (अ.) बाहर नहीं आए और वहीं रहे।”

इस पुस्तक के इसी पृष्ठ 19 के अंत में यह भी लिखा है कि जब पहले ख़लीफ़ा अपनी मृत्युशय्या पर थे, तो उन्होंने कहा था, “काश! मैंने हज़रत अली (अ.) के घर के मामले में हस्तक्षेप न किया होता, भले ही वह मेरे विरुद्ध युद्ध की घोषणा ही क्यों न कर देते।”

इस अवसर पर शिया विद्वान ने अम्र बिल मारूफ के प्रमुख से कहा, “पहले ख़लीफ़ा के इन शब्दों पर ध्यान दीजिए कि मृत्यु के समय उन्हें अपने किए पर किस प्रकार अफसोस और पछतावा हो रहा था।”

इस दलील के सामने खुद को असहज महसूस करते हुए उस व्यक्ति ने कहा, “इस पुस्तक के लेखक इब्ने क़ुतैबा का झुकाव शिया धर्म की ओर है।”

शिया विद्वान: यदि इब्ने क़ुतैबा का झुकाव शिया मत की ओर था, तो सहीह मुस्लिम और सहीह बुखारी के लेखकों के बारे में आप क्या कहेंगे? इन दोनों पुस्तकों में यह रिवायत मौजूद है कि हज़रत फ़ातिमा (स.) अपने जीवन के अंतिम समय तक पहले ख़लीफ़ा से नाराज़ रहीं और उनसे बातचीत नहीं की, यहां तक कि उनका निधन हो गया।

इस संबंध में सहीह मुस्लिम, जिल्द 5, पृष्ठ 153, मिस्र संस्करण तथा सहीह बुखारी, जिल्द 5, पृष्ठ 187, अश्शाब संस्करण (ग़ज़वा-ए-ख़ैबर अध्याय) का अध्ययन किया जा सकता है।

संदर्भ और पाद टिप्पणियां

1. पुस्तक ‘अल-इमामा वस्सियासा’, हलबि प्रकाशन, पृष्ठ 19 में वर्णित है कि अबू बक्र ने उन लोगों के बारे में जानकारी ली जिन्होंने उनकी बैअत नहीं की थी और हज़रत अली (अ.) के यहां एकत्रित थे। उन्होंने उमर को भेजा। उमर वहां पहुंचे और लोगों को बाहर आने के लिए कहा। जब उन्होंने इनकार किया तो लकड़ियां मंगवाकर घर जलाने की धमकी दी। उनसे कहा गया कि इस घर में फ़ातिमा भी हैं। उन्होंने जवाब दिया, “चाहे फ़ातिमा भी हों।” इसके बाद सभी लोग बाहर आकर बैअत करने लगे, सिवाय हज़रत अली (अ.) के।

2. इस संबंध में उद्धृत अरबी कथन है: «فَهَجَرَتهُ فاطمةُ وَ لَم تکلّمهُ فی ذلک، حتّی ماتَت» अर्थात् हज़रत फ़ातिमा (स.) उनसे नाराज़ रहीं और इस मामले में उनसे बातचीत नहीं की, यहां तक कि उनका निधन हो गया। (शरह नहजुल बलाग़ा, इब्ने अबिल हदीद, जिल्द 6, पृष्ठ 469)

Read 3 times