दुश्मन आज सबसे अधिक उलमा और धार्मिक नेतृत्व से भयभीत हैः

Rate this item
(0 votes)
दुश्मन आज सबसे अधिक उलमा और धार्मिक नेतृत्व से भयभीत हैः

आयतुल्लाह सय्यद अहमद अल्मुलहुदा ने इस्लामी क्रांति के गठन और उसकी निरंतरता में धर्मगुरुओं की प्रभावशाली भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि दुश्मन आज सबसे अधिक उलमा और धार्मिक नेतृत्व से भयभीत है। उन्होंने जड़ता और धार्मिक बौद्धिकता को धर्मगुरुओं के सामने मौजूद दो खतरनाक चुनौतियाँ बताते हुए इन प्रवृत्तियों का दृढ़ता से मुकाबला करने, आर्थिक समस्याओं और क्रांति के मोर्चे पर जनता के साथ खड़े रहने तथा हौज़ा इल्मिया की क्रांतिकारी पहचान की रक्षा करने में छात्रों और शिक्षकों के बसीज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

ईरान के ख़ुरासान रज़वी प्रांत में वली-ए-फ़क़ीह के प्रतिनिधि आयतुल्लाह सय्यद अहमद अल्मुलहुदा ने बसीजी छात्रों और शिक्षकों से मुलाक़ात के दौरान इस्लामी क्रांति के गठन, सफलता और उसकी निरंतरता में धार्मिक नेतृत्व की ऐतिहासिक एवं प्रभावशाली भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छात्रों और शिक्षकों के संगठन तथा उसकी वास्तविकता को समझना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इस्लामी क्रांति की शुरुआत और उसकी नींव इमाम ख़ुमैनी (रह.) ने रखी थी। वे इस आंदोलन के संस्थापक और क्रांति के प्रेरणास्रोत थे, लेकिन क्रांति का व्यावहारिक संघर्ष केवल इमाम ख़ुमैनी की शख़्सियत तक सीमित नहीं था।

आयतुल्लाह अल्मुलहुदा ने कहा कि इमाम ख़ुमैनी (रह.) को 13 वर्षों तक देश से निर्वासित रखा गया और उन्हें अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उनका नाम लेना, उनकी पुस्तकों का उल्लेख करना और यहाँ तक कि उनके बारे में बात करना भी कई अवसरों पर प्रतिबंधित था। इमाम ख़ुमैनी (रह.) के निकट सहयोगियों को भी गिरफ्तार करके जेलों में प्रताड़ित किया जाता था। ऐसे हालात में क्रांति अपना संघर्ष आगे बढ़ाने और सफलता हासिल करने में कैसे कामयाब हुई?

आयतुल्लाह अल्मुलहुदा ने आगे कहा कि शाह की सबसे बड़ी भूल यह थी कि वह समझता था कि समूचे धार्मिक नेतृत्व की जड़ें उसी केंद्र तक सीमित हैं, जहाँ से इमाम ख़ुमैनी (रह.) ने अपनी शिक्षा-दीक्षा प्राप्त की और आंदोलन शुरू किया था। उसका मानना था कि उस केंद्र को समाप्त कर देने के बाद धार्मिक नेतृत्व का अस्तित्व भी बाकी नहीं रहेगा, जबकि वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत थी।

उन्होंने कहा कि धार्मिक नेतृत्व एक जीवंत और गतिशील आंदोलन है। हमें यह नहीं समझना चाहिए कि इसकी जड़ें केवल किसी एक ऐतिहासिक दौर तक सीमित हैं। हर युग में धार्मिक नेतृत्व अपनी अलग शक्ति, व्यक्तित्व और प्रभावशाली आंदोलन के साथ आगे बढ़ता है तथा पहले से अधिक ऊर्जा और क्षमता के साथ अपनी भूमिका निभाता है। हर दौर में उसकी उपलब्धियाँ और शैक्षिक एवं व्यावहारिक परिणाम ऐसे होते हैं, जो पिछले युगों में देखने को नहीं मिलते।

समकालीन दौर में उलमा और धार्मिक नेतृत्व की शैक्षिक प्रगति तथा उसके स्थान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक नेतृत्व की पिछली पीढ़ियों में ऐसा सर्वमान्य मुज्तहिद और मरजइयत के उच्च स्थान पर आसीन व्यक्तित्व मौजूद नहीं था, जो वर्तमान दौर की तरह रहनुमाई की ज़िम्मेदारी संभालने की क्षमता रखता हो। लेकिन आज धार्मिक नेतृत्व के बीच ऐसी शख़्सियत (शहीद रहबर) सामने आई है। यह इस बात का प्रमाण है कि धार्मिक नेतृत्व ने कितनी प्रगति की है और उसकी क्षमताओं में कितना इज़ाफ़ा हुआ है।

मशहद के इमामे जुमा ने वर्तमान हौज़ा इल्मिया की तुलना उसके पुराने स्वरूप से करते हुए कहा कि इन शैक्षिक संस्थानों में व्यापक बदलाव आया है। हम पुराने दौर के छात्र हैं। जब आज के छात्रों, मौजूदा हौज़ा इल्मिया और उनकी शैक्षिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को देखते हैं, तो वास्तव में आश्चर्य होता है। जिस हौज़ा इल्मिया में हमने शिक्षा प्राप्त की थी, उसकी आज के हौज़ा इल्मिया से तुलना करने पर अंतर साफ़ दिखाई देता है। हम सीमित संसाधनों और सुविधाओं वाले माहौल से निकलकर आए हैं। अब यह देखना है कि वर्तमान हौज़ा इल्मिया की शक्ति, क्षमता, संसाधनों, विकास और प्रगति से किस प्रकार की संभावनाएँ सामने आती हैं और कैसी शख़्सियतें तैयार होती हैं।

आयतुल्लाह अल्मुलहुदा  ने धार्मिक नेतृत्व की शक्ति और क्षमताओं से दुश्मन की चिंता का उल्लेख करते हुए कहा कि दुश्मन कई परिस्थितियों से गुज़र चुका है और आज उसे सबसे अधिक भय उलमा और धार्मिक नेतृत्व से है।

ख़ुरासान रज़वी में वली-ए-फ़क़ीह के प्रतिनिधि ने मौजूदा परिस्थितियों में धार्मिक नेतृत्व के जनता के साथ रहने की आवश्यकता पर ज़ोर देते हुए कहा कि हमें कम से कम जनता के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना चाहिए। क्रांति के मोर्चे पर भी हमें जनता के साथ रहना चाहिए, बल्कि इस मार्ग में उनसे आगे बढ़कर भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि दो मामलों में हमें जनता से अलग नहीं होना चाहिए। पहला मामला जीवन और रोज़मर्रा की आजीविका से जुड़ी समस्याओं का है। इन मामलों में हमारा जीवन स्तर जनता से ऊँचा नहीं होना चाहिए, बल्कि हमें भी आम लोगों के स्तर पर जीवन बिताना चाहिए। दूसरा मामला क्रांति का है। इस मोर्चे पर जनता जिस मुक़ाम तक पहुँचे, हमें भी उनके साथ वहाँ मौजूद रहना चाहिए, बल्कि उनसे आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

Read 3 times