सच्चे मोमिन की पहचान ईमान पर दृढ़ता और नेक अमल है

Rate this item
(0 votes)
सच्चे मोमिन की पहचान ईमान पर दृढ़ता और नेक अमल है

मौलाना ने नमाज़े जुमा के खुत्बे में कहा कि सच्चे मोमिन की पहचान केवल ईमान का दावा करना नहीं, बल्कि आखिरी सांस तक अपने अक़ीदे पर साबित-क़दम रहना और नेक अमल के ज़रिए उसे साबित करना है। पैग़म्बरे इस्लाम (स) की हदीस का हवाला देते हुए उन्होंने आंखों का पानी सूख जाना, दिल का सख्त हो जाना, दुनिया की लालच में हद से बढ़ जाना और गुनाहों पर अड़े रहना इंसान की बदबख़्ती की चार निशानियां बताया। सूरह हुजरात की आयत 15 की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि सच्चे मोमिन वही हैं जो अल्लाह और उसके रसूल पर ईमान रखते हैं, शक नहीं करते और अल्लाह की राह में अपने माल और जान से संघर्ष करते हैं। उन्होंने तक़वा, दुआ और तारीख़ के अध्ययन को ईमान की मज़बूती के महत्वपूर्ण साधन बताते हुए मोमेनीन से इराक़ के हालात के लिए दुआ और आपसी एकता बनाए रखने की अपील की।

अम्बा चौक भावनगर की शिया खोजा इसना अशरी जामा मस्जिद में हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन सय्यद तहक़ीक़ साहब की इमामत में नमाज़-ए-जुमा अदा की गई। खुत्बा-ए-जुमा में उन्होंने पैग़म्बरे इस्लाम (स) की हदीस की रोशनी मेंलाना में इंसान की बदबख़्ती और शक़ावत की चार निशानियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आंखों का पानी सूख जाना, दिल का सख्त हो जाना, दुनिया की लालच में हद से बढ़ जाना और गुनाहों पर अड़े रहना इंसान की बदबख़्ती की अलामतें हैं।

मौलाना ने पैग़म्बरे इस्लाम (स) की हदीस का हवाला देते हुए कहा कि आंखों का पानी सूख जाने से मुराद इंसान के अंदर से शर्म, हया और ग़ैरत का खत्म हो जाना है। इसी तरह लगातार गुनाह करने से दिल सख्त हो जाता है, जिसके बाद इंसान को इबादत, दुआ और मुनाजात में पहले जैसी दिलचस्पी और सुकून महसूस नहीं होता।

भावनगर के इमाम जुमा ने कहा कि हलाल तरीकों से मेहनत और कारोबार करके रोज़ी हासिल करना और अपने परिवार, रिश्तेदारों तथा समाज की मदद करना एक सराहनीय काम है। लेकिन जब तमाम सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद इंसान की दुनिया की लालच और हवस खत्म न हो और वह हर तरीके से अधिक से अधिक धन हासिल करने की कोशिश करे, तो यह बदबख़्ती की निशानी है। इसी तरह गुनाह करने के बाद पछतावा न होना, तौबा की तरफ रुझान न रखना और शर्मिंदगी महसूस न करना भी इंसान की रूहानी बदहाली को दर्शाता है।

दूसरे खुत्बे में मौलाना ने सूरह हुजरात की आयत 15 की व्याख्या करते हुए कहा कि सच्चे मोमिन वही हैं जो अल्लाह और उसके रसूल पर ईमान लाते हैं, फिर अपने ईमान में किसी तरह का शक नहीं करते और अल्लाह की राह में अपने माल और जान से जिहाद करते हैं। यही लोग अपने ईमान के दावे में सच्चे हैं।

उन्होंने कहा कि इस आयत में ईमान की कई महत्वपूर्ण विशेषताओं की ओर ध्यान दिलाया गया है। सबसे पहले अल्लाह और उसके रसूल की रिसालत पर ईमान रखना ज़रूरी है। इसके साथ ही अमीरुल मोमेनीन हज़रत अली (अ) और आइम्मा-ए-अत्हार (अ) की इमामत और विलायत को स्वीकार करना भी हमारे अक़ीदे का हिस्सा है। विलायत और इमामत का इक़रार रसूलुल्लाह (स) की रिसालत और अल्लाह की वहदानियत पर ईमान के साथ जुड़ा हुआ है।

मौलाना तहक़ीक़ हुसैन ने कहा कि ईमान की दूसरी महत्वपूर्ण निशानी उस पर साबित-क़दम रहना है। केवल कलिमा पढ़ लेना या ईमान का दावा कर देना काफी नहीं, बल्कि आखिरी सांस तक अपने अक़ीदे पर मज़बूती से क़ायम रहना ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि इस्लाम के शुरुआती दौर में भी ऐसे लोग मौजूद थे जिन्होंने इस्लाम स्वीकार किया, लेकिन मुश्किल हालात और इम्तिहान के समय अपने ईमान पर क़ायम नहीं रह सके।

इस सिलसिले में उन्होंने जनाबे अम्मार यासिर (रज़ि.) का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन में रसूलुल्लाह (स) पर ईमान लाया और पूरी ज़िंदगी अमीरुल मोमेनीन हज़रत अली (अ) की विलायत और इमामत पर साबित-क़दम रहे। जंगे सिफ़्फ़ीन में भी उन्होंने मौला अली (अ) की मोहब्बत और समर्थन में अपनी जान कुर्बान कर दी। उन्होंने कहा कि ईमान लाना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी बड़ा इम्तिहान आखिरी सांस तक उस पर डटे रहना है।

भावनगर के इमाम जुमा ने ईमान की तीसरी विशेषता बयान करते हुए कहा कि ईमान एक बातिनी और रूहानी सच्चाई है, जिसका संबंध इंसान के दिल और नफ़्स से है। इसे केवल ज़ाहिरी दावों से नहीं, बल्कि इंसान के व्यवहार और अमल से पहचाना जा सकता है। इंसान के आमाल ही बताते हैं कि उसका ईमान कितना मज़बूत है।

उन्होंने कहा कि अमल के बिना ईमान का दावा केवल एक नारा बनकर रह जाता है। नमाज़, रोज़ा, दीन की सेवा और दूसरे नेक आमाल इस बात का प्रमाण हैं कि इंसान का अल्लाह से कितना मज़बूत संबंध है। इसी तरह अल्लाह की राह में माल और जान से जिहाद करना भी सच्चे ईमान की निशानी है। जिहाद का अर्थ केवल तलवार उठाना नहीं, बल्कि हर नेक और जायज़ काम में कोशिश करना, तरक्की करना और समाज में सम्मान के साथ जीवन गुज़ारने के लिए संघर्ष करना भी है।

सच्चे मोमिन की पहचान के बारे में कुरआन की दूसरी आयतों का उल्लेख करते हुए मौलाना ने कहा कि सूरह अनफ़ाल की आयत 2 में सच्चे मोमिनों की पहचान यह बताई गई है कि जब उनके सामने अल्लाह का ज़िक्र किया जाता है तो उनके दिलों में भय पैदा होता है और जब उसकी आयतों की तिलावत की जाती है तो उनका ईमान बढ़ जाता है। वे केवल अल्लाह पर भरोसा करते हैं।

इसी तरह सूरह नूर की आयत 62 में मोमिनों की एक विशेषता यह बताई गई है कि वे किसी सामूहिक और महत्वपूर्ण कार्य के दौरान बिना अनुमति वहां से नहीं जाते। जबकि सूरह हुजरात में मोमिनों को आपस में भाई बताया गया है। मौलाना ने कहा कि इन आयतों से स्पष्ट होता है कि सच्चा ईमान इंसान के व्यवहार, सामाजिक जिम्मेदारियों और आपसी संबंधों में भी दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने इस्तिक़ामत यानी दीन और ईमान पर मज़बूती से क़ायम रहने की अहमियत पर ज़ोर देते हुए कहा कि इंसान को अपने ईमान और दीन से किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटना चाहिए। सूरह हम्द में भी हम अल्लाह से सीधे रास्ते पर चलने और उन लोगों के रास्ते पर क़ायम रहने की दुआ करते हैं जिन पर उसकी नेमतें नाज़िल हुईं, यानी अंबिया, मुरसलीन और आइम्मा-ए-अत्हार (अ) का रास्ता।

ईमान को मज़बूत रखने के उपाय बताते हुए मौलाना ने कहा कि सबसे पहला उपाय तक़वा है। इमाम जाफ़र सादिक़ (अ) ने फ़रमाया है कि तक़वा दिल में ईमान को मज़बूत करता है और लालच तथा हवस को बाहर निकाल देता है।

दूसरा उपाय अल्लाह की बारगाह में दुआ और फ़रयाद करना है। उन्होंने छठे इमाम इमाम जाफ़र सादिक़ (अ) की सिखाई हुई इस दुआ का उल्लेख किया: يَا مُقَلِّبَ الْقُلُوبِ ثَبِّتْ قَلْبِي عَلَى دِينِكَ ऐ दिलों को फेरने वाले! मेरे दिल को अपने दीन पर साबित-क़दम रख।

उन्होंने कहा कि इंसान को हमेशा अल्लाह से दुआ करनी चाहिए कि वह उसे ईमान और विलायत पर क़ायम रखे और इसी हालत में दुनिया से उठाए। तीसरा उपाय तारीख़ का अध्ययन और उससे सबक हासिल करना है। अंबिया और नेक बंदों के जीवन तथा उनके संघर्षों का अध्ययन इंसान के अंदर ईमान और इस्तिक़ामत को मज़बूत करता है।

खुत्बे के अंत में भावनगर के इमाम जुमा ने हज़रत फ़ातेमा ज़हरा (स) की विलादत की मुबारकबाद पेश की। उन्होंने कहा कि 20 जमादिउस्सानी हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) की विलादत का मुबारक दिन है। इस अवसर पर उन्होंने तमाम मोमेनीन को पहले से मुबारकबाद दी।

मौलाना तह़क़ीक हुसैन ने इराक़ के मौजूदा हालात का उल्लेख करते हुए मोमेनीन से विशेष रूप से दुआ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुश्मन की साज़िश है कि इराक़ के विभिन्न समुदायों और फ़िरक़ों के बीच मतभेद पैदा किए जाएं, मोमेनीन को आपस में लड़ाया जाए और सरकार तथा जनता के बीच टकराव की स्थिति पैदा की जाए। इसलिए ज़रूरी है कि सभी लोग एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखें तथा इराक़ की सुरक्षा और स्थिरता के लिए दुआ करें।

उन्होने ने यह भी बताया कि आयतुल्लाहिल उज़्मा शेख़ वहीद खुरासानी (रह.) के निधन पर आगामी रविवार को इसी मस्जिद में नमाज़े ज़ोहरैन के बाद एक ताज़ियती कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अंत में मौलाना ने तमाम मोमेनीन, मज़लूमों और ईरान की सुरक्षा एवं कामयाबी तथा इमाम-ए-ज़माना (अ.ज.) के जल्द ज़ुहूर के लिए दुआ कराई।

Read 0 times