क्रांति के संस्थापक के अपमान के विरुद्ध आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद (र) का स्पष्ट रुख़ उनके साहस और संवेदनशीलता का परिचायक थाः

Rate this item
(0 votes)
क्रांति के संस्थापक के अपमान के विरुद्ध आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद (र) का स्पष्ट रुख़ उनके साहस और संवेदनशीलता का परिचायक थाः

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन डॉ. नासिर रफ़ीई ने आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (रह.) की याद में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुज्तहिदों का प्रशिक्षण, गहन शैक्षिक ज्ञान, इमाम ख़ुमैनी (रह.) के समर्थन में साहसिक रुख़ अपनाना और क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी इस महान मरजा-ए-तक़लीद की प्रमुख विशेषताएँ थीं। उन्होंने धर्मगुरुओं के स्थान और सम्मान के साथ-साथ हज़रत उम्मुल बनीन (स.) के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।

 हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन डॉ. नासिर रफ़ीई ने सोमवार शाम ईरान के अराक शहर की मस्जिद ‘सैय्यदहाए अराक’ में आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (रह.) की याद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने इस महान मरजा-ए-तक़लीद की पहली प्रमुख विशेषता बताते हुए कहा कि उनका शैक्षिक स्थान बहुत ऊँचा था और उनमें मुज्तहिदों को तैयार करने की विशेष क्षमता थी।

उन्होंने कहा कि इस्लामी व्यवस्था और हौज़ा इल्मिया की प्रमुख शैक्षिक हस्तियों सहित बड़ी संख्या में उलमा और विद्वानों ने इस मरजा-ए-तक़लीद के शैक्षिक दरस से लाभ उठाया और उनके व्याख्यानों को लिखित रूप में संकलित किया।

हौज़ा इल्मिया और विश्वविद्यालय के प्राध्यापक ने आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (रह.) के गहन ज्ञान और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके दरस और भाषण गहन शैक्षिक विषयों तथा व्यवस्थित तर्कों पर आधारित होते थे। उत्कृष्ट शिष्यों को तैयार करने के साथ-साथ मंच से धार्मिक उपदेश देने और इस्लामी शिक्षाओं को स्पष्ट करने के क्षेत्र में भी उन्हें विशेष स्थान प्राप्त था।

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन रफ़ीई ने इस्लामी क्रांति के विभिन्न चरणों में आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (रह.) की सक्रिय उपस्थिति और इमाम ख़ुमैनी (रह.) के समर्थन को उनकी अन्य प्रमुख विशेषताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि इस्लामी क्रांति के संस्थापक के अपमान के विरुद्ध उनका स्पष्ट और दोटूक रुख़, विशेष रूप से दिसंबर 1977 में दैनिक समाचार पत्र ‘इत्तेलाआत’ में इमाम ख़ुमैनी (रह.) के विरुद्ध अपमानजनक लेख प्रकाशित होने के बाद दिया गया उनका भाषण, मरजइयत और धार्मिक नेतृत्व के सम्मान एवं प्रतिष्ठा के प्रति उनके साहस और संवेदनशीलता का परिचायक था।

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन रफ़ीई ने इस्लामी शिक्षाओं में उलमा के उच्च स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि हदीसों में ज्ञान और ज्ञान रखने वालों को विशेष महत्व दिया गया है। अल्लाह तआला ने ईमान और ज्ञान से संपन्न लोगों के दर्जे बुलंद किए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इमामों (अ.) द्वारा धर्मगुरुओं का सम्मान किया जाना, ज्ञान और शिक्षक के स्थान एवं महत्व को दर्शाता है। इसी तरह इमाम सज्जाद (अ.) ने एक ऐसे व्यक्ति के मामले में, जिसे क़िसास की सज़ा सुनाई गई थी, शिक्षा और प्रशिक्षण के अधिकार को मनुष्य के महत्वपूर्ण अधिकारों में शामिल किया और उसकी जान बचाने के लिए दियत (रक्त-मूल्य) अदा करने की ज़िम्मेदारी स्वीकार की।

Read 3 times