शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी की सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को अहम नसीहत

Rate this item
(0 votes)
शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी की सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को अहम नसीहत

नाइजीरिया की इस्लामी आंदोलन के प्रमुख शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी ने सोशल मीडिया के प्रभावी और ज़िम्मेदाराना इस्तेमाल पर ज़ोर देते हुए कहा है कि आंदोलन के कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर अपने व्यवहार और गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए तथा दूसरों से बातचीत करते समय नैतिकता, विवेक और तर्कशीलता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी ने रविवार को नाइजीरिया की राजधानी अबुजा में इस्लामी आंदोलन के दो दिवसीय मीडिया फ़ोरम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि दूसरों तक धर्म का संदेश पहुँचाना एक महत्वपूर्ण और सराहनीय ज़िम्मेदारी है। पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा (स.) के दौर में भी धर्म का प्रचार और उसका संदेश लोगों तक पहुँचाने ने इस्लाम के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में तकनीक के विकास के कारण संपर्क और सूचना के आदान-प्रदान के साधनों में व्यापक बदलाव आया है। सोशल मीडिया संदेश पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इसलिए ज़रूरी है कि इस मंच का सही, उद्देश्यपूर्ण और ज़िम्मेदाराना ढंग से इस्तेमाल किया जाए।

शेख़ ज़कज़ाकी ने सोशल मीडिया पर गाली-गलौज, अपमान, अभद्र भाषा और दूसरों की बेइज़्ज़ती करने जैसी प्रवृत्तियों की आलोचना करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया के इस्तेमाल के तरीक़े में स्पष्ट बदलाव देखना चाहते हैं। इस्लामी आंदोलन के कार्यकर्ताओं का व्यवहार दूसरों से अलग होना चाहिए और उनकी बातचीत तथा गतिविधियों से इस्लामी नैतिकता और शिक्षाओं की झलक मिलनी चाहिए।

उन्होंने आंदोलन के अनुयायियों की शैक्षिक और वैचारिक ज़िम्मेदारी की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि हमें दूसरों के लिए शिक्षक और मार्गदर्शक बनना चाहिए, ताकि लोग हमसे सीख सकें। इसके लिए ज़रूरी है कि हम अपने ज्ञान, चरित्र और बातचीत के ज़रिये दूसरों के सामने एक अच्छा उदाहरण पेश करें।

शेख़ ज़कज़ाकी ने ज़ोर देकर कहा कि सोशल मीडिया पर धर्म का संदेश पहुँचाते समय विवेक, तर्कशीलता और ज्ञान को बुनियादी महत्व दिया जाना चाहिए तथा हर प्रकार के अपमान और अनादर से बचना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि नाइजीरिया की इस्लामी आंदोलन का यह दो दिवसीय मीडिया फ़ोरम मीडिया से जुड़े लोगों की क्षमताओं का जायज़ा लेने और आंदोलन की सूचना एवं संचार गतिविधियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी के संबोधन के साथ ही इस फ़ोरम का समापन हुआ।

Read 4 times